
मुंबई में शुक्रवार को 13 डिप्टी कमिश्नरों के तबादले किए गए। हाल ही में मुंबई स्थानांतरित किए गए आईपीएस अधिकारी राज तिलक रौशन को अब अपराध शाखा में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा, डीसीपी दत्ता नलावडे को अंधेरी में जोन एक्स में स्थानांतरित किया गया है। डीसीपी मुख्यालय-1 रहे कृष्णकांत उपाध्याय को वर्ली में डीसीपी जोन III के पद पर नियुक्त किया गया है। उपाध्याय दत्ता कांबले की जगह लेंगे। कांबले को विशेष शाखा-1 का डीसीपी बनाया गया है। सुरक्षा शाखा के डीसीपी महेश चिमटे को उत्तर मुंबई में डीसीपी जोन XII के पद पर तैनात किया गया है। डीसीपी स्मिता पाटिल को डीसीपी, मुख्यालय-1 बनाया गया है। आईपीएस अधिकारी समीर शेख को डीसीपी जोन VI और राकेश ओला को डीसीपी जोन VII के पद पर तैनात किया गया है।
मुंबई में 17 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में एक 17 वर्षीय किशोरी से घर में घुसकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी खिड़की के रास्ते घर में घुसा था। विक्रोली पार्कसाइट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान समीर शेख (31) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया। शेख पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत दुष्कर्म और अन्य अपराधों के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
ठाणे में दीवार गिरने से बच्चे की मौत के मामले में स्कूल निदेशक गिरफ्तार
ठाणे में एक स्कूल की दीवार गिरने से 11 वर्षीय एक लड़के की मौत के एक दिन बाद पुलिस ने शनिवार को स्कूल के निदेशक को गिरफ्तार कर लिया। टिटवाला पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि स्कूल की दीवार खतरनाक हो गई थी। लोगों ने स्कूल को बार-बार इसके बारे में चेतावनी दी थी। खतरों के बारे में अवगत कराए जाने के बावजूद स्कूल निदेशक ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को बच्चों का एक समूह बगल की गली में खेल रहा था। तभी स्कूल की चारदीवारी का एक हिस्सा गिर गया, जिससे तीन बच्चे मलबे के नीचे दब गए दुर्घटना में कक्षा 5 के छात्र अंश सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुणे में ऐतिहासिक शिवसृष्टी थीम पार्क के गेट पर पेशाब करने वाले के खिलाफ केस
महाराष्ट्र के पुणे में ऐतिहासिक शिवसृष्टी थीम पार्क के गेट पर लगे साइनबोर्ड में पेशाब करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अंबेगांव बुद्रुक स्थित यह पार्क छत्रपति शिवाजी महाराज को समर्पित है।
एक अधिकारी ने बताया कि मराठा संगठन से जुड़े नवनाथ अमराले की शिकायत पर भारती विद्यापीठ पुलिस ने अमोल अरुण कुलकर्णी (59) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि वह शनिवार को अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी सुबह करीब तीन बजे उसने देखा कि एक व्यक्ति शिवसृष्टि के गेट पर लगे साइनबोर्ड पर पेशाब कर रहा है। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी को टोका तो उसने कहा, जो करना है कर लो। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

