Mumbai: तकनीकी खराबी से फिर लड़खड़ाई सेंट्रल लाइन की मुंबई लोकल, लंबी दूरी की ट्रेनें डाइवर्ट

Central Line Local Train Update: मुंबई में हजारों रेल यात्रियों के लिए आज (रविवार) का दिन मुसीबत भरा रहा। सेंट्रल लाइन (मध्य रेलवे) पर जहां एक ओर संडे शेड्यूल लागू होने की वजह से पहले ही कई ट्रेने नहीं चल रही है, वहीँ दूसरी ओर कल्याण-कर्जत रूट पर तकनीकी समस्या ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, वांगणी-बदलापुर अप लाइन के ओवरहेड वायर में खराबी आने के कारण सेंट्रल लाइन पर उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित हो गई हैं। यह खराबी आज सुबह करीब आठ बजे हुई। जिस वजह से मध्य रेलवे पर लोकल ट्रेनों का यातायात बाधित हो गया।
रेलवे कर्मचारियों द्वारा मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। खासकर कल्याण और कर्जत के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही ठप होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खबर है कि एक कर्जत-सीएसएमटी लोकल ट्रेन वांगणी स्टेशन (Vangani To Badlapur Railway) से पहले रोकनी पड़ी।
मुंबई में लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को आज एक बार फिर कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी खराबी के कारण मध्य रेलवे का यातायात बाधित हो गया है। बदलापुर और वांगणी के बीच ओवरहेड वायर में बिजली सप्लाई नहीं होने से कर्जत और बदलापुर के बीच लोकल सेवा बंद है। हालांकि रेलवे इस खराबी को जल्द से जल्द दूर करने के लिए कार्य कर रहा है।
उधर, पुणे से मुंबई आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों को कर्जत से पनवेल रूट पर डाइवर्ट करना पड़ा है। जो यात्री ट्रेनें पुणे से कर्जत होते हुए मुंबई आ रहीं थीं उन्हें कर्जत से पनवेल और वहां से मुंबई डाइवर्ट किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *