फॉलो अप : अंधेरी गैस लीक कांड

जलते शरीर, टूटी ज़िंदगियां : मदद के लिए रोता परिवार!

मुंबई: 9 मार्च की रात अंधेरी ईस्ट में गैस पाइपलाइन रिसाव से लगी आग ने दो दोस्तों की ज़िंदगी तबाह कर दी। हादसे में 22 वर्षीय अरविंद कैथल 55% जल गए, जबकि उनके दोस्त अमन सरोज (22) की मौत हो गई। अरविंद अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, लेकिन उनके परिवार के लिए अस्पताल के बढ़ते बिल किसी बुरे सपने से कम नहीं। यह रात अरविंद के लिए खास थी—वह नौकरी पर दोबारा लौटने वाले थे। दोस्त अमन के साथ भारत-न्यूजीलैंड मैच का जश्न मनाने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। लेकिन रात 12 बजे के बाद, शेर-ए-पंजाब, अंधेरी ईस्ट में गैस लीक से उठी आग की लपटों ने उन्हें घेर लिया। दोनों जलते हुए सड़क पर गिर पड़े। 80% जले अमन को ऐरोली के नेशनल बर्न्स सेंटर (NBC) ले जाया गया, लेकिन अगली सुबह उसने दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा आर्थिक बोझ
अरविंद का परिवार किसी चमत्कार की उम्मीद में है, लेकिन अस्पताल के बढ़ते खर्च उनकी उम्मीदों को तोड़ रहे हैं। उनके पिता मजदूर हैं, मां गृहिणी और तीनों भाई सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर जैसे-तैसे घर चला रहे हैं। अरविंद के भाई अरुण कैथल कहते हैं कि हमारा परिवार पूरी तरह बिखर चुका है। अमन चला गयाऔर हम पैसों की चिंता में डूबे हैं।” अब तक परिवार ₹66,000 सिर्फ दवाइयों पर खर्च कर चुका है, जबकि बाकी बिल लगातार बढ़ रहे हैं। टाटा ट्रस्ट से कुछ मदद मिली, लेकिन सर्जरी और दवा का खर्च अभी भी बाकी है।

राजनीतिक वादे, लेकिन अधूरी मदद
हादसे के बाद कुछ विधायकों ने अस्पताल जाकर मदद का वादा किया, लेकिन परिवार को अब तक मामूली आर्थिक सहायता ही मिली।

गैस लीक का जिम्मेदार कौन?
मुंबई फायर ब्रिगेड को रात 1:35 बजे आग की सूचना मिली। इसे लेवल 1 (माइनर फायर) घोषित किया गया, लेकिन हादसे में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। जांच में सामने आया कि महानगर गैस लिमिटेड (MGL) की पाइपलाइन एक ठेकेदार द्वारा खुदाई के दौरान लीक हुई थी। यह खुदाई BMC के लिए की जा रही थी, लेकिन क्या इसके लिए सही अनुमति ली गई थी? पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मामले की जांच अभी जारी है।

अरविंद के इलाज के लिए मदद की जरूरत
अरविंद अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं। लेकिन अगर समय रहते पर्याप्त मदद नहीं मिली, तो उनका इलाज अधूरा रह सकता है।

https://www.instagram.com/reel/DFHv4rcoAbG/?igsh=MWtrM3JxNjJ6N2U5dw==

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *