परभणी हिंसा मामले में 51 लोग गिरफ्तार सांसद संजय जाधव ने भाजपा पर उठाए सवाल

मुंबई/छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के परभणी शहर में रेलवे स्टेशन के बाहर डॉ. बी. आर. आंबेडकर की प्रतिमा के पास स्थापित संविधान की प्रतिकृति को तोड़ दिया गया था। जिसके बाद 10 दिसंबर की शाम को उस समय हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया परभणी में संविधान की प्रतिकृति को क्षतिग्रस्त करने को लेकर हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तीन मामले दर्ज किए गए हैं। बुधवार को इस तोड़फोड़ के विरोध में आयोजित बंद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान भीड़ ने आगजनी की व दुकानों, वाहनों और यहां तक ​​कि जिलाधिकारी के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। अधिकारी ने कहा कि “हमने हिंसा के संबंध में तीन मामले दर्ज किए हैं और अब तक 51 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। यह संख्या बढ़ सकती है क्योंकि जांच जारी है और हम कुछ वीडियो देख रहे हैं।”

संजय जाधव ने भाजपा पर साधा निशानाइस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा सांसद संजय जाधव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब परभणी में हिंसा भड़की तो भाजपा के नेता कहां थे। जाधव ने पत्रकारों से कहा कि “परभणी में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना की साजिश रचने वाले व्यक्ति का पता लगाना भी जांच का हिस्सा है। उस समय सड़क पर बहुत सारे लोग थे। कोई व्यक्ति संविधान की प्रतिकृति को कैसे क्षतिग्रस्त कर सकता है?” संजय जाधव ने कहा कि प्रशासन को उन लोगों की मदद करनी चाहिए जिन्हें विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में नुकसान हुआ है। जाधव ने आरोप लगाते हुए कहा कि “जब परभणी में हिंसा भड़की और दंगे शुरू हुए तो भाजपा के लोग कहां चले गए थे? केवल भाषण देना और राजनीतिक लाभ हासिल करना आसान है। लेकिन इसके परिणामों को संभालना मुश्किल होता है। जब वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही थी, तब ये नेता कहां गए थे?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *