सुसाइड पॉइंट बनता जा रहा है अटल सेतु: अब कारोबारी ने लगाई छलांग, दो दिन में आत्महत्या का दूसरा मामला

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आत्महत्याओं के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन किसी ना किसी इलाके में लोगों के सुसाइड करने की खबरें सामने आती रहती हैं। मुंबई का बांद्रा-वर्ली सी लिंक सुसाइड के मामले में सुर्खियों में था। अब नवी मुंबई को मुंबई से जोड़ना वाला अटल सेतु शहर का अगला सुसाइड पॉइंट बनता जा रहा है। पुल से समुद्र में छलांग लगाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच 52 साल के एक कारोबारी ने समुद्र में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मृतक की पहचान फिलिप हितेश शाह के रूप में की है, जो कि एक बिजनेस मैन थे। यह घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। नवी मुंबई पुलिस ने तलाशी अभियान जारी कर मृतक का शव समुद्र से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि फिलिप मुंबई के माटुंगा इलाके का रहने वाला था। वो पिछले कई दिनों से तनाव में था। शायद इसी वजह से ऐसा खौफनाक कदम उठाया होगा।

मृतक का आधार कार्ड और वाहन जब्त
पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि एक शख्स नवी मुंबई से करीब 14.4 किलोमीटर दूर उत्तर की ओर जाने वाले मार्ग पर अपना वाहन खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने सुमुद्र में छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि शव को निकालने के लिए तुरंत बचाव दल भेजा गया। जिसे बरामद कर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज से पहले शाह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि हमने उनके वाहन की जांच की और उनका आधार कार्ड मिला। जिसके जरिए मृतक शख्स की पहचान की गई। इसके बाद उनके घरवालों से संपर्क किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शाह की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। उनका इलाज चल रहा था। वरिष्ठ निरीक्षक ने कहा कि सुबह अपने घर से यह कहकर निकले थे कि वह एक समारोह में भाग हिस्सा लेने जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद वापस आ जाएंगे। पुलिस ने मामले की आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

बैंकर ने की थी आत्महत्या
दो दिन पहले एक बैंकर की आत्महत्या करने की खबर सामने आई थी। मुंबई के बैंकर सुशांत चक्रवर्ती ने अटल सेतु से समुद्र में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। 1 अक्टूबर की शाम उनकी लाश जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) से बरामद की गई थी। पत्नी ने आरोप लगाया था है कि कंपनी के काम के दबाव की वजह से सुशांत ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।

अटल सेतु में लोग क्यों कर रहे हैं आत्महत्या
अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक) पर आत्महत्या करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे प्रशासन की नींद उड गई है। कहा जा रहा है कि 21 किमी का यह लंबा पुल समुद्र से काफी उंचाई पर बनाया गया है। लोग अपने वाहन से जाते हैं, इसके बाद बीच में वाहन खड़ा कर डिवाइडर से छलांग लगा देते हैं। डिवाइडर की ऊंचाई बेहद कम है। ऐसे में इसमें चढ़ना काफी आसान है। इधर ये भी तर्क दिया जा रहा है कि डिवाइडर की ऊंचाई बढ़ाने से पुल पर भार बढ़ जाएगा। ऐसे में अब प्रशासन डिवाइडर पर तार लगाने के विकल्प पर विचार कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *