दिल्ली-मुंबई इंडिगो की फ्लाइट के टॉयलेट में स्मोकिंग कर रहा था यात्री, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई: दिल्ली से मुंबई आने वाली इंडिगो की फ्लाइट के टॉयलेट में स्मोकिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान 38 वर्षीय खलील कजाम्मुल खान के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहनेवाला है।
फ्लाइट के मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सुरक्षाकर्मियों को मामले की जानकारी दी गई। जिसके बाद आरोपी खलील खान को सहर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और विमानन नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टॉयलेट में कर रहा था स्मोकिंग
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना राष्ट्रीय राजधानी से वित्तीय राजधानी आने वाली इंडिगो की उड़ान में हुई। उन्होंने बताया कि शाम करीब सवा पांच बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान में 176 यात्री सवार थे। मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने से करीब 50 मिनट पहले उत्तर प्रदेश निवासी खलील कजाम्मुल खान नाम का एक यात्री टॉयलेट गया।
अधिकारी ने बताया कि खान के टॉयलेट में धूम्रपान करने के बाद चालक दल के सदस्यों को ‘स्मोक सेंसर’ बजने के वजह से इस बात का पता चला। जब वह बाहर आया तो चालक दल को शौचालय में एक माचिस और सिगरेट का बचा हुआ हिस्सा मिला। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक दल ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया। चालक दल के सदस्यों द्वारा पूछताछ करने पर खान ने शौचालय के अंदर धूम्रपान करने की बात भी स्वीकार की है।
आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज
इंडिगो की फ्लाइट के मुंबई में लैंड होते ही इंडिगो के स्टाफ ने खलील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद आरोपी को सहर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और विमानन नियमों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *