
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में पढ़ाई के लिए आवेदन करने वाले विदेशी छात्रों के वीजा इंटरव्यू शेड्यूल पर अस्थायी रोक लगाई है। यह फैसला सोशल मीडिया जांच की योजना के तहत लिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा वीजा अधिकार नहीं, विशेषाधिकार है और हर आवेदन पर सुरक्षा जांच जरूरी है।
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में पढ़ाई के लिए आवेदन करने वाले विदेशी छात्रों के वीजा इंटरव्यू शेड्यूल करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह कदम विदेशी छात्रों की सोशल मीडिया जांच की योजना के चलते उठाया गया है। मामले में अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने गुरुवार को बताया कि अभी वीज़ा अपॉइंटमेंट में देरी हो सकती है, लेकिन छात्र ऑनलाइन पोर्टल पर लगातार जांच करते रहें, क्योंकि स्लॉट जल्द ही खुल सकते हैं।
वीजा कोई अधिकार नहीं- टैमी ब्रूस
मामले में टैमी ब्रूस ने कहा कि वीजा कोई अधिकार नहीं, बल्कि एक विशेषाधिकार है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर वीजा आवेदक की सुरक्षा जांच होती है, यह सिर्फ किसी एक समूह के लिए नहीं है। ब्रूस ने कहा कि हर वीजा फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा का निर्णय होता है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
किसी भी दिन खुल सकते है स्लॉट’
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में ज्यादा समय नहीं लगेगा और जल्द ही दूतावास इस दिशा में जरूरी बदलाव करेंगे। इसके साथ ही छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपॉइंटमेंट नहीं मिलने की स्थिति में भी वेबसाइट पर बार-बार चेक करते रहें, क्योंकि स्लॉट किसी भी समय खुल सकते हैं।
वीजा आवेदकों के नए इंटरव्यू शेड्यूल फिलहाल स्थगित
गौरतलब है कि एक रिपोर्ट के अनुसार बीते 27 मई को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की तरफ से हस्ताक्षरित एक सरकारी संदेश में अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्र वीजा आवेदकों के नए इंटरव्यू शेड्यूल फिलहाल स्थगित कर दें। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रशासन सभी विदेशी छात्रों से उनकी सोशल मीडिया जानकारी साझा करवाने की योजना बना रहा है, और इस तैयारी के तहत ही इंटरव्यू रोके गए हैं।
