- समाजसेवा में शिक्षा के सदुपयोग का अनूठा व सफल प्रयोग कर रहीं

पी वी आनंदपद्मनाभन
मुंबई। शिक्षा का क्षेत्र का दायरा मात्र किताबी शिक्षा तक ही सीमित नहीं होता। सामाजिक क्षेत्र में जनसेवा के लिए उसका बहुआयामी उपयोग किस तरह किया जाता है, यह शब्दशः चरितार्थ कर दिखाया है कैंसर पेशेंट्स ऐड एसोसिएशन (रीहैब) की कार्यकारी निदेशक मंजू गुप्ता ने। इस सफल व अनूठे प्रयोग के लिए उन्हें केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त,”शिक्षाश्री सम्मान-2024”से गौरवान्वित किया है। यह सम्मान उन्हें सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्रालय के शिक्षादान अभियान के तहत शिक्षादान अभियान फेडरेशन व्दारा अंधेरी (प.) स्थित क्लासिक क्लब में आयोजित समारोह में (Mr. Cuneyt Yavuzcan
Consulate General of Turkiye) तुर्की के कौंसलेट जनरल चुनैत यावुज्कन के हाथों दिया गया। उल्लेखनीय है सीपीएए पुनर्वास की महालक्ष्मी यूनिट के जरिए लंबे अरसे से कैंसर पेशेंट्स व उनके केयर टेकर्स को स्वरोजगार देकर आर्थिक आधार प्रदान किया जा रहा है। यह कार्य देश के कोने कोने से इलाज कराने आए उन जरूरतमंद कैंसर पेशेंट्स के लिए संजीवनी है जिनके पास इस महानगर में महंगी दवाओं व खाने के लिए तक खर्च के लाले पड़ जाते हैं। यूनिट संचालित मेस में उनके भोजन आदि का प्रबंध तो किया ही जाता है, आराम-औषधोपचार की भी व्यवस्था रहती है। पेशेंट्स व उनके केयर टेकर्स को अर्थाधार मिले तथा उनका मनोबल सकारात्मक बना रहे, उनमें छिपी क्रिएटिविटी जागृत हो इसके लिए कई तरह के कलात्मक दीए, पर्स, झूमर, वालपीस, ड्राइंग रूम पाट आदि बनाने का बाकायदा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यही नहीं प्रशिक्षण पूरा होने पर यहीं के वर्कशॉप में उन्हें स्वरोजगार प्रदान किया जा रहा है। उनके बनाए सुंदर-कलात्मक उत्पादों की वीआईपी बिक्री के लिए पांचसितारा होटल्स से टाई-अप है। इसी से यहां का पूरा वित्तीय व्यवस्थापन चलता है। इससे यहां के उत्पादों की गुणवत्ता, समाजसेवा में शिक्षा के अद्भुत योगदान व विपणन कौशल का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। सम्मान समारोह में कौंसलेट जनरल एवं आयोजक राजेश श्रीवास्तव ने मंजू गुप्ता के समाजसेवा में शिक्षा के इस अनूठे प्रयोग को प्रेरक बताया। उन्होंने इस दौरान समाज के सभी सामर्थ्यवान घटकों से इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान की अपील की।
इस अवसर पर समाज के गणमान्य अतिथि जैसे पद्मश्री शोमा घोष,हास्य कलाकार सुनील पाल,श्री श्याम सिंघानिया,डॉ सुमन अग्रवाल,गायक मधुश्री,कैप्टेन कुमार राज आदि मौजूद थे।
