मुंबई। प्रदेश में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता के बाद कांग्रेस के बड़े नेताओं ने पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों को सम्मानित किया। सांसदों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि महाविकास आघाडी के तीनों दलों ने लोकसभा चुनाव की लड़ाई एकजुट होकर लड़ी थी, जिसे जीत लिया है। अब हमारा लक्ष्य विधानसभा चुनाव जीतने का है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तिलक भवन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में चेन्निथला ने कहा कि लोकसभा चुनाव की डगर आसान नहीं थी। लेकिन हमारे घटक दलों के मजबूत इरादों ने महायुति को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की तानाशाही की हार है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की पदयात्रा ने देश का माहौल बदल दिया जिससे लोगों में कांग्रेस के प्रति विश्वास पैदा हुआ है। पटोले ने कहा कि राहुल गांधी की गारंटी पर जनता ने भरोसा किया है। यही कारण रहा कि राज्य में कांग्रेस को इतनी बड़ी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ सीटों पर ठीक ढंग से बंटवारा नहीं हुआ था, जिसकी वजह से हमें तीन से चार सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा। पटोले ने कहा कि राज्य में सूखा पड़ रहा है और सूबे के मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री गायब हैं। हमने राज्य सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार से राज्य के किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की है। इसके अलावा किसानों के मुद्दे को लेकर हमने राज्यपाल से भी मिलने का समय मांगा है। विशाल पाटिल ने दिया कांग्रेस को समर्थन : सांगली लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के बागी नेता विशाल पाटील ने शुक्रवार को नाना पटोले से मिलकर उन्हें अपना समर्थन दिया। इससे पहले विशाल ने गुरुवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। कांग्रेस को समर्थन देने पर पटोले ने कहा कि विशाल ने भले ही निर्दलीय चुनाव लड़ा है लेकिन वह कांग्रेस के एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं। पटोले ने कहा कि विशाल के कांग्रेस को समर्थन देने से लोकसभा चुनाव में राज्य की सबसे बड़ी पार्टी रही कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में बड़ा रूप देखने को मिलेगा।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
