
मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण आज बीजेपी में शामिल हो गए। अशोक चव्हाण और अमर राजूरकर ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। मंगलवार दोपहर 12.30 बजे बीजेपी के मुंबई कार्यालय में अशोक चव्हाण ने औपचारिक रूप से भगवा झंडा थाम लिया। इस दौरान महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बकायदा उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
PM मोदी की तारीफ, ईमानदारी से काम का भरोसा
बीजेपी में आने के सवाल पर चव्हाण ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि हम नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर देश और राज्य के विकास में योगदान दे सकें। अशोक चव्हाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए चव्हाण ने कहा कि वह अब से बीजेपी के साथ अपने राजनीतिक करियर का एक नया अध्याय शुरू करेंगे। मैं जहां भी रहा हूं ईमानदारी से काम किया है। बीजेपी में शामिल होने के बाद वह ईमानदारी से काम करने का भरोसा देंगे। आगामी चुनाव में बीजेपी को ज्यादा से ज्यादा सीटें जिताने की कोशिश करेगी। अशोक चव्हाण ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है। मैं किसी की आलोचना नहीं करूंगा।
अशोक चव्हाण अब साफ हो गए: कांग्रेस
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण के भारतीय जनता पार्टी का दामन थामते ही कांग्रेस हमलावर हो गई है. महाविघास अघाड़ी के वरिष्ठ नेता शरद पवार के साथ हुई मुलाकात के बाद प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेनिंथला ने अशोक चव्हाण की कड़ी आलोचना की है. मुंबई में कांग्रेस के कोलाबा स्थित गांधी भवन में पार्टी नेताओं ने अशोक चव्हाण के बीजेपी में जाने पर कई आरोप भी लगाये और तंज कसे. महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेनिंथला ने कहा कि पार्टी ने अशोक चव्हाण को क्या नहीं दिया. उनको दो बार प्रदेश का मुखिया बनाया. कांग्रेस ने उनको बड़ा पद और नेतृत्व दिया. उन्होंने कहा कि चव्हाण ने बीजेपी में जाने से पहले हमसे मन की बात नहीं की. इसी के साथ उन्होंने ये भी तंज कसा कि बीजेपी में उन्हें ये कभी नहीं मिल सकता. उनको अब बहुत पीछे की सीट मिलेगी. कांग्रेस प्रभारी रमेश चेनिंथला ने यह कहकर भी तंज कसा कि अशोक चव्हाण बताएं क्या उन पर ईडी और सीबीआई का दबाव है? दो महीने पहले ही उनको CWC का सदस्य बनाया गया था. अगले चुनाव में आयाराम गयाराम करने वाले को महाराष्ट्र की जनता सबक सिखाएगी. कांग्रेस ने ये कहकर भी अशोक चव्हाण पर निशाना साथा कि प्रधानमंत्री ने आदर्श घोटाले की बात कही थी, अब साफ हो गए क्या? अजित पवार पर 70 हजार करोड़ का आरोप लगाया. बीजेपी वाशिंग मशीन है क्या? पार्टी ने सवाल उठाया है कि क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मिलने के बाद सारे पाप धुल जाते हैं?
राज्यसभा में जाने की संभावना
अशोक चव्हाण के राज्यसभा में जाने की अटकलें हैं। अगर वे राज्यसभा नहीं जाते हैं तो नांदेड़ की सीट से फिर मैदान में उतर सकते हैं। महाराष्ट्र बीजेपी में अशोक चव्हाण की क्या भूमिका होगी? इसको लेकर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व फैसला लेगा। चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने के मौके पर खुद डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि चव्हाण दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनका कद बड़ा ऐसे में उनकी भूमिका क्या होगी? यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा। फडणवीस ने कांग्रेस ने एमवीए दलों को निशाने पर लिया और कहा कि वे अपना घर खुद नहीं संभाल पा रहे हैं।
