सूरत. हिट एंड रन के मामले में सख्त सजा का प्रावधान किए जाने से नाराज ट्रक और बस चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस दौरान आंदोलन अब सूरत व आसपास में धीरे-धीरे हिंसक बनता जा रहा है। मंगलवार सुबह डुमस रोड पर बीआरटीएस और सिटी बस के चालकों ने एक बस को निशाना बनाया। बस में तोड़-फोड़ के बाद मौके पर पहुंचे एक पुलिस कर्मी को भी चालकों की भीड़ ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना को लेकर डुमस पुलिस ने मामला दर्ज कर 19 लोगों को हिरासत में लिया है।
केन्द्र सरकार की ओर से लागू किए गए नए कानून का विरोध सूरत में भी हो रहा है। सोमवार सुबह से मनपा संचालित बीआरटीएस और सिटी बसों के चालक भी हड़ताल पर चले गए हैं। इस दौरान मनपा कुछ चालकों को मनाने में कामयाब हुई और मंगलवार सुबह से 50 फीसदी बसों को कार्यरत किया गया।
इस दौरान अन्य 50 फीसदी चालक डुमस रोड़ पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने जैसे ही सिटी बस को आते देखा तो बस पर हल्ला बोल दिया। पथराव कर बस में तोड़-फोड़ करना शुरू किया। सूचना मिलने पर डुमस पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। जिसमें सवार एक पुलिसकर्मी को आंदोलनकारियों की भीड़ ने घेर लिया। पुलिस कर्मी दौड़कर एक निजी कार में बैठा तो भीड़ ने उस कार से भी पुलिस कर्मी को बाहर खींच लिया और पिटाई शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर अन्य पुलिसकर्मियों का काफिला मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया गया।
