सूरत. जयपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े घर में श्रीराष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेवसिंह गोगामेड़ी हत्या मामले में सूरत में भी बुधवार को विभिन्न संगठनों की ओर से प्रदर्शन किया गया। इस दौरान हत्याकांड की निष्पक्ष जांच व दोषियों को कड़ी सजा दिलाए जाने के लिए सूरत जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
सर्वसमाज व छत्तीस कौम की ओर से बुधवार को श्रीराष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की जयपुर में हुई हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए विभिन्न संस्थाओं के सैकड़ों कार्यकर्ता दोपहर में अठवालाइंस स्थित जिला सेवा सदन पहुंचे। यहां पर कार्यकर्ताओं ने पहले विरोध प्रदर्शन किया और हत्या मामले के दोषियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में सनातनी सेना, करणी सेना, राजस्थान राजपूत समाज, विप्र फाउंडेशन, विप्र सेना, मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश राजपूत समाज, काठियावाड़ राजपूत समाज, पारीक समाज समेत अन्य समाज व संगठनों के कार्यकर्ताओं के अलावा पदाधिकारी मौजूद रहे। बाद में सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बारी-बारी से सूरत जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीडि़तों कजिल्द न्याय दिलाया जाए।
- जापान मार्केट में श्रद्धांजलि कार्यक्रम :
सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या करने पर सूरत प्रवासी राजस्थानी समुदाय में रोष व्याप्त है और दोषियों को त्वरित सजा की मांग की जा रही है। इसी क्रम में रिंगरोड कपड़ा बाजार स्थित जापान मार्केट में बुधवार दोपहर बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बताया कि सुखदेवसिंह गोगामेड़ी सभी समाज में समान रूप से लोकप्रिय थे तथा सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाले व्यक्तित्व थे। उनकी इस प्रकार हत्या से सभी स्तब्ध हैं। केंद्र सरकार तथा राजस्थान में नवगठित होने वाली सरकार से आग्रह है कि वो कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करे तथा हत्याकांड के दोषियों को त्वरित दंडित करवाए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में टेक्सटाइल युवा ब्रिगे़ड के अध्यक्ष ललित शर्मा, विप्र सेना के सूरत जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी शर्मा, युवाध्यक्ष जय शर्मा समेत अन्य संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
