मेड़ता सिटी. जिले के मेड़ता शहर(Merta city) में रविवार सुबह दामावतों के मोहल्ले(Damawat locality) में रहने वाले एक परिवार के चार सदस्यों ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार भाइयों में चल रहे जमीन के बंटवारे के विवाद को लेकर दंपती ने अपनी दो पुत्रियों के साथ कीटनाशक पी लिया। उन्हें बेहोशी की हालत में मेड़ता सीएचसी ले जाया गया। वहां से गम्भीर हालत में अजमेर रेफर किया गया। फिलहाल, चारों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस उप अधीक्षक नूर मोहम्मद(Noor Mohammad) ने बताया कि विषाक्त का सेवन करने वाले कैलाशचंद और उसके दो भाई रामेश्वर और हुकमीचंद के बीच प्रोपर्टी का विवाद है। तीनों भाई अलग-अलग रहते हैं। तीनों भाई, बड़े भाई रामेश्वर के घर पर बैठे थे। प्रोपर्टी को लेकर आपस में बातचीत चल रही थी। इस दरम्यान कैलाश, उसकी पत्नी उर्मिला (42) और बेटी विशाका (21) एवं कृष्णा (18) ने विषाक्त पी लिया। कैलाशचंद मेड़ता में टी स्टॉल का चलाता है।
चिकित्सकों के अनुसार परिवार के चारों सदस्यों ने खेतों में छिड़काव के काम आने वाली ऑर्गोनो फॉसफोरस की दो शीशियों से विषाक्त का सेवन किया था। इसका असर सेवन के कुछ घंटों बाद दिखाई देता हैं। उन्हें रेफर किया उस समय उनकी स्थिति सामान्य थी, लेकिन उन्होंने कितनी मात्रा और क्वालिटी का कीटनाशक पिया है उस हिसाब से वो अपना प्रभाव छोड़ेगा।
