बिहार में अपराधी बेलगाम हो रहे हैं. उन्हें कानून का डर नहीं सता रहा है. विपक्ष बिहार में जंगलराज-2 की वापसी बता रही है. विपक्ष के आरोप राजनीतिक हो सकते हैं लेकिन जिस तरह यहां हत्या, लूट, बलात्कार के मामले बढ़ें हैं उसके बाद ये कहना गलत नहीं होगा कि अपराधियों में पुलिस का इकबाल खत्म हो रहा है. पिछले पांच महीने में बदमाशों ने यहां तीन दारोगा की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिसकर्मियों को दोड़ा-दौड़ा कर पीटा, सिपाही को मौत के घाट उतार दिया और अब राजधानी पटना में भी बेखौफ बदमाशों ने दारोगा को गोली मार दी है जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरएसल पटना में पिछले 24 घंटे के अंदर चार लोगों पर बदमाशों ने गोलियां चलाई है. जिसके बाद दो लोगों की मौत हो गई है जबकि दो की हालत गंभीर है. घटना के बाद पुलिस अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है.
बैटरी चोर को पकड़ने गई थी पुलिस, दारोगा को मारी गोली
सबसे ताजा मामला बेऊर थाना(Beur police station) क्षेत्र का है यहां दारोगा फूलनराम(Daroga Phoolanram) को बदमाशों ने गोली मार दी. दारोगा फूलनराम टेलीकॉम टावर में बैटरी चोरी की सूचना के बाद टीम के साथ पहुंचे थे. बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी जिसके बाद दारोगा के हाथ में गोली लगी है. दारोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इससे पहले पटना के दानापुर में पार्किंग विवाद में ललन ठाकुर नामक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामला मनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर का है.
एक के बाद एक चार लोगों पर चली गोली
शाहपुर थाना(Shahpur police station) क्षेत्र ढिबरा गांव में विनय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्याकांड के आरोपी रहे विनय कुमार पांच साल तक जेल में थे अभी कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आए थे. वहीं शाहपुर थाना क्षेत्र के ही मुबारकपुर इलाके में धीरज कुमार नाम के एक शख्स को अपराधियों ने गोली मार दी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. धीरज कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस सभी मामलों में अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ लेने का दावा कर रही है.
