गुजरात के सूरत (Surat) में लिफ्ट में फंसने से 15 साल के लड़के की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. उसके परिवार को इसकी सूचना दे दी गई है. बताया जा रहा है कि लड़के की गर्दन लिफ्ट के शटरनुमा दरवाजे में फंस गई थी, जिससे उसका दम घुट गया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
लिफ्ट में कैसे फंस गई गर्दन?
घटना उधना इलाके के रुपाली इंडस्ट्रीज में बनी एक फैक्ट्री की है. मृतक लड़के का नाम मंगल था. बताया जा रहा है कि 5 दिसंबर की सुबह मंगल काम करने फैक्ट्री पहुंचा था. उसे दूसरी मंजिल पर जाना था. वह लिफ्ट में गया और वहां रखी पानी की एक बड़ी बोतल पर बैठ गया. लिफ्ट चली तो मंगल का बैलेंस बिगड़ा और झटके से आगे की तरफ गया. इससे उसकी गर्दन लिफ्ट के दरवाजे में फंस गई.
मंगल के लिफ्ट में फंसे होने का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में दिख रहा है कि लिफ्ट में पानी की दो बड़ी बोतलें रखी हैं. मंगल एक बोतल पर बैठा है और उसकी गर्दन लिफ्ट के शटर के बीच फंसी दिख रही है.
बताया जा रहा है कि मंगल के दोस्त जब पहुंचे, तब तक वो बेहोश हो चुका था. उन लोगों ने लिफ्ट के दरवाजे को काटकर उसे बाहर निकाला. मंगल को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मंगल सुखबदन सिंह मूल रूप से मध्यप्रदेश का रहने वाला था. परिवार में माता-पिता और एक बहन है. पिता के बेरोजगार होने पर मंगल ने पढ़ाई छोड़ दी थी. वह काम की तलाश में 15 दिन पहले ही सूरत आया थे. मंगल के चाचा उसे सूरत छोड़कर वापस मध्यप्रदेश चले गए थे. यहां मंगल अपने दोस्तों के साथ रह रहा थे. मजदूरी करके परिवार के लिए पैसा कमा रहा था.
बता दें कि जिस तरह के लिफ्ट गेट में फंसने से मंगल की मौत हुई, वैसे दरवाजे अब लिफ्ट के लिए इस्तेमाल नहीं किए जाते हैं क्योंकि इनसे हादसा होने की ज्यादा आशंका रहती है. लेकिन हैरान करने वाली बात ये कि जिस फैक्ट्री में ये घटना हुई वहां की लिफ्ट में ऐसा ही दरवाजा लगा हुआ था.
