सूरत. गृह क्लेश के चलते एक जने ने पत्नी की हत्या कर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह मामला सामने आने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, डिंडोली के छठ तलाब के निकट कैलाशनगर निवासी राजेन्द्र आघारकर (53) ने पत्नी सायला उर्फ शैला (50) की हत्या कर दी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अक्सर विवाद होते थे। मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिसके चलते राजेन्द्र ने चाकू से शैला का गला रेत किया। उसके बांए हाथ की नसें भी काट दी। उसके बाद राजेन्द्र ने भी अपने कमरे में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह करीब दस बजे घर से दोनों के शव मिलने पर लोगों ने पुलिस को खबर की। पुलिस ने जयश्री की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
छोटी बहन लेने आई तो नहीं खुला दरवाजा
शैला एक निजी अंग्रेजी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर काम करती थी। घर के करीब ही रहने वाली उसकी बहन जयश्री उसे स्कूटर से स्कूल छोड़ती थी।
मंगलवार सुबह उनके घर पहुंचीं जयश्री ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जबाव नहीं मिला। लोगों की मदद से उसने बंद दरवाजे की कुंडी तोड़ी तो घर में बहन-बहनोई मृत मिले।
विवाद का कारण नहीं आया सामने
मामले की जांच कर रहे डिंडोली पुलिस निरीक्षक एस.एम. पठान ने बताया कि राजेन्द्र व शैला की दो बेटियां है। उनमें से एक अहमदाबाद व दूसरी दाहोद में जॉब करती हैं। दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़े होते थे, इस बारे में ठोस जानकारी नहीं मिली है। उनकी पुत्रियों से पूछताछ नहीं हो पाई है।

